{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी में मौसम का बदला मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं हीटवेव; 28 जून तक मानसून की एंट्री के आसार

 

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में जहां आंधी और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। बुधवार तड़के मथुरा में तेज आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई, जबकि आगरा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ, बाराबंकी समेत 15 से अधिक जिलों में सुबह से बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली।

इससे पहले मंगलवार देर रात वाराणसी, आजमगढ़ और जालौन में अच्छी बारिश हुई। वहीं आगरा में तेज आंधी के दौरान सड़क किनारे खड़ी कारों पर बिजली का पोल गिर गया, जिससे दो वाहनों को नुकसान पहुंचा।

32 जिलों में लू और 7 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए प्रदेश के 32 जिलों में हीटवेव (लू) का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 7 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान नोएडा, मेरठ, आगरा, हापुड़, झांसी, ललितपुर और बागपत समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी के बाद बारिश दर्ज की गई। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

8 दिन देरी से आएगा मानसून

मानसून को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 3 से 4 दिनों में बिहार सीमा से होते हुए गोरखपुर और महराजगंज के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद 30 जून तक राजधानी लखनऊ और 2 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय होने की संभावना है।

सामान्य तौर पर उत्तर प्रदेश में मानसून 20 जून तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसके आगमन में करीब 8 दिन की देरी हो रही है। मानसून पिछले लगभग 15 दिनों से महराजगंज के आसपास के क्षेत्रों में ठहरा हुआ है।

मौसम वैज्ञानिक ने क्या कहा?

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में सक्रिय हो चुका है। अगले दो से तीन दिनों में इसके गुजरात, विदर्भ, ओडिशा, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी जल्द बारिश शुरू हो सकती है।

अगले पांच दिनों का मौसम

25 जून: अधिकांश जिलों में मौसम साफ रहेगा, तापमान बढ़ेगा और लू चलने की संभावना है।

26 जून: पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, गर्मी और बढ़ सकती है।

27 जून: पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा। पूर्वी यूपी में लू लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

28 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की शुरुआत हो सकती है।

29 जून: पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि पूर्वी यूपी में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

फिलहाल प्रदेशवासियों को मानसून का इंतजार है, लेकिन तब तक गर्मी और लू से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।