{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रतापगढ़ में बोले सीएम योगी: राम को नकारने वालों को आस्था पर बोलने का अधिकार नहीं 
 

 

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में आयोजित एक जनसभा के दौरान अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस पहले भगवान राम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाती थी और समाजवादी पार्टी बाबरी ढांचे का समर्थन करती थी, वही आज राम मंदिर और आस्था की बात कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि "जो लोग पहले अयोध्या में रामभक्तों का विरोध करते थे, आज वही गिरगिट की तरह रंग बदलकर आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि आस्था पर बोलने का अधिकार रामभक्तों को है, न कि उन दलों को जिन्होंने वर्षों तक भगवान राम के अस्तित्व को नकारा और रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं।

'कांग्रेस और सपा के पास सिर्फ दो मुद्दे- विभाजन और आस्था'

सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने हिंदू धार्मिक स्थलों के विकास की बजाय कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर सरकारी धन खर्च किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी आज जाति के नाम पर समाज को बांटने और आस्था पर राजनीति करने का प्रयास कर रही हैं।

वक्फ बोर्ड के नाम पर लूट का आरोप

मुख्यमंत्री ने वक्फ बोर्ड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर हजारों हेक्टेयर जमीनों का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया और करोड़ों रुपये की लूट हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने कभी कोई कार्रवाई नहीं की और अब भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।

भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी विपक्ष पर निशाना

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पारदर्शी तरीके से यूपी पुलिस में 60 हजार से अधिक भर्तियां की हैं, जिनमें प्रतापगढ़ के युवाओं को भी रोजगार मिला है। उन्होंने दावा किया कि पहले नौकरियों में भ्रष्टाचार होता था और "सैफई घराना नौकरियों की नीलामी करता था, जिससे गरीब और प्रतिभाशाली युवाओं का हक मारा जाता था।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है, जिससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो रहा है।