{"vars":{"id": "130921:5012"}}

उन्नाव में दर्दनाक सड़क हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बस-कार में जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

 

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बुधवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांगरमऊ क्षेत्र में सुबह करीब 4:30 बजे एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। मृतकों में दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी, जबकि अर्टिगा कार संतकबीरनगर से वृंदावन जा रही थी। दोनों वाहन एक ही दिशा में एक्सप्रेस-वे पर चल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह करीब 20 फीट तक घिसटने के बाद एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। वहीं बस भी अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

हादसे में इनकी हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, हादसे में कार सवार विनोद (45), अंजू (40), उनकी बेटी अमृता (13), विनोद की बेटी दिव्या (6) और रिश्तेदार भुनभुन (60) की मौके पर ही मौत हो गई।

आठ लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि बस में लगभग 70 यात्री और कार में 9 लोग सवार थे। हादसे में कार के चार और बस के चार यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में थी बस

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे के बाद पुलिस ने बस और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

वृंदावन दर्शन के लिए निकला था परिवार

हादसे में घायल आर्यन ने बताया कि उनका परिवार संतकबीरनगर जिले के बढ़या बाबू गांव का रहने वाला है। सभी लोग अर्टिगा कार से वृंदावन दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी घनश्याम मीना और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।गरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बस-कार में जोरदार भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत