{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP भाजपा विधायक का बैठक के दौरान हार्ट अटैक से निधन, CM योगी ने जताया दुख
 

 

बरेली I उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। यह हृदय विदारक घटना बरेली सर्किट हाउस में उस समय हुई जब वे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा ले रहे थे।

बैठक के दौरान दोपहर करीब सवा दो बजे विधायक को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उनकी हालत बिगड़ते देख वहां हड़कंप मच गया। तत्काल उन्हें एम्बुलेंस से मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुखद संयोग यह है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने महज एक दिन पहले, 01 जनवरी को अपना 60वां जन्मदिन मनाया था। वे फरीदपुर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे और रोहिलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर थे। मृदुभाषी और जनता से जुड़े नेता के रूप में प्रसिद्ध डॉ. लाल के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में स्तब्धता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने ट्वीट में सीएम योगी ने लिखा कि जनपद बरेली के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति!"