UP Board का बड़ा फैसला: खिलाड़ी छात्रों को बोनस अंक, ग्रेस मार्क्स से पास होंगे फेल स्टूडेंट्स
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने खिलाड़ी छात्रों के हित में बड़ा कदम उठाया है। परिषद ने सरकार के पास एक प्रस्ताव भेजा है, जिसमें खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बोर्ड परीक्षा में बोनस अंक देने की व्यवस्था की गई है। यदि सरकार इस प्रस्ताव को मंजूरी दे देती है, तो प्रदेश के हजारों खिलाड़ी छात्रों को सीधा फायदा मिलेगा।
इस पहल का उद्देश्य पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। इससे वे छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे, जो खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
क्या है बोनस अंक देने का प्रस्ताव?
प्रस्ताव के अनुसार खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि और प्रदर्शन के आधार पर बोनस अंक दिए जाएंगे। नियम इस प्रकार होंगे—
- खेल प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 5 बोनस अंक मिलेंगे।
- राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों को 7 बोनस अंक दिए जाएंगे।
- राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छात्रों को 10 बोनस अंक मिलेंगे।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 15 बोनस अंक दिए जाएंगे।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को 20 बोनस अंक मिलेंगे।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
यूपी बोर्ड के अनुसार यह सुविधा केवल उन छात्रों को मिलेगी, जिन्होंने SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो। साथ ही छात्रों के पास प्रतियोगिता का प्रमाण-पत्र बोर्ड परीक्षा से पहले होना जरूरी होगा।
कक्षा 9वीं और 11वीं में खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले छात्रों को इसका लाभ उनकी आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मिलेगा।
फेल होने वाले छात्रों को भी राहत
इस योजना के तहत ऐसे छात्रों को भी फायदा मिलेगा, जो बोर्ड परीक्षा में कुछ अंकों से फेल हो जाते हैं। बोनस अंक दो विषयों में ग्रेस मार्क्स की तरह जोड़े जाएंगे, जिससे छात्रों को पास होने में मदद मिल सकेगी।