{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP Cabinet Expansion: नए चेहरे, बदले समीकरण… योगी कैबिनेट में विस्तार की तैयारी पूरी?

उत्तर प्रदेश में जल्द कैबिनेट विस्तार के संकेत मिल रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुई कोर कमेटी बैठक में नए मंत्रियों के नामों और जातीय-क्षेत्रीय संतुलन पर चर्चा हुई। ब्राह्मण और दलित चेहरे को मौका मिल सकता है, जबकि कुछ मंत्रियों के विभागों में बदलाव संभव है।

 

UP Cabinet Expansion: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर शुक्रवार को कोर कमेटी की लंबी बैठक हुई, जिसमें संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।

माना जा रहा है कि बैठक में नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम सहमति बन चुकी है। संकेत हैं कि कैबिनेट में एक ब्राह्मण और एक अनुसूचित जाति (दलित) वर्ग से नए चेहरे को शामिल किया जा सकता है। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और कानपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव या उनके कद में फेरबदल की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए बड़े बदलाव से बचने की रणनीति अपनाई जा रही है।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरे दिन अपने आवास पर ही मौजूद रहे और विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया। इन बैठकों में हाल ही में प्रदेश के छह क्षेत्रों में आयोजित समन्वय बैठकों के फीडबैक पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि मार्च माह तक संगठन, निगमों, आयोगों और बोर्ड में रिक्त पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा आगामी शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी रणनीति तैयार की जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह संभावित कैबिनेट विस्तार आगामी चुनावी समीकरणों को साधने की दिशा में अहम कदम हो सकता है।