यूपी चुनाव में सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे पर फंसा पेच, कांग्रेस 126 सीटों पर अड़ी, सपा ने 26 सीटों का दिया ऑफर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है, लेकिन दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। सपा जहां कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दे रही है, वहीं कांग्रेस 126 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही है। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि गठबंधन जीतने के लिए होता है और जीत के लिए सीटों पर एडजस्टमेंट करना पड़ता है।
सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर फंसा पेच
दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को सपा तथा कांग्रेस नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बैठक हुई। खबरों के मुताबिक, सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव में कांग्रेस की 2022 विधानसभा चुनाव में जीती हुई दो सीटें और उन चार सीटों को भी शामिल किया गया है, जहां पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी।
सपा सांसद रामगोपाल यादव का कहना है कि प्रस्तावित सीटों में कई ऐसी सीटें भी हैं, जहां समाजवादी पार्टी को कांग्रेस से अधिक वोट मिले थे। इसके बावजूद पार्टी कांग्रेस को ये सीटें देने पर विचार कर रही है।
कांग्रेस 126 से ज्यादा सीटों की मांग पर अड़ी
दूसरी ओर, कांग्रेस सपा के 26 सीटों के प्रस्ताव से सहमत नहीं है। पार्टी की ओर से 126 से अधिक सीटों की मांग की जा रही है। कांग्रेस ने सीटों को लेकर अपनी सूची को दो श्रेणियों में बांटा है। इनमें 46 सीटें A कैटेगरी और 21 सीटें B कैटेगरी में रखी गई हैं। कांग्रेस इन 67 सीटों पर समझौता करने के पक्ष में नहीं है, जबकि बाकी करीब 64-65 सीटों पर उसने लचीला रुख अपनाने की बात कही है।
इससे पहले खबर आई थी कि कांग्रेस करीब 120 सीटों की सूची लेकर समाजवादी पार्टी के पास पहुंची थी। इस सूची में रायबरेली और अमेठी की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी जताई थी।
सीट बंटवारे के लिए सपा ने बनाई थी कमेटी
सीटों के बंटवारे को लेकर समाजवादी पार्टी ने चार नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी थी। इस कमेटी में सांसद रामगोपाल यादव, सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और इकरा हसन शामिल थीं। सोमवार को भी दोनों दलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर बैठक हुई थी, जिसमें सीट शेयरिंग पर चर्चा की गई।
अखिलेश यादव पहले भी साफ कर चुके हैं कि गठबंधन में सीटों का फैसला जीतने की संभावना के आधार पर होगा। जिस सीट पर जिस पार्टी के उम्मीदवार के जीतने की संभावना अधिक होगी, उसे उस सीट पर चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।
समाजवादी पार्टी इस बार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन और सीटों की रणनीति तैयार करने के लिए डेटा विश्लेषकों की मदद भी ले रही है।