UP: होमगार्ड भर्ती अंतिम परिणाम की तिथि घोषित, 41,424 पदों पर नियुक्तियां
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड जवानों के 41,424 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम सितंबर 2026 में जारी किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को होमगार्ड संगठन की समीक्षा बैठक में जवानों को सीपीआर (CPR) और फर्स्ट एड का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड संगठन प्रदेश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और जनसेवा का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसे अधिक सक्षम, प्रशिक्षित, तकनीकी रूप से दक्ष और आधुनिक बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और होमगार्ड के जवान समाज के "फर्स्ट रिस्पांडर" होते हैं, जो किसी भी दुर्घटना या आपदा के समय सबसे पहले पीड़ित तक पहुंचते हैं। इसलिए उन्हें गोल्डन ऑवर के महत्व के साथ-साथ सीपीआर और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
बैठक में बताया गया कि अब तक 3,812 होमगार्ड स्वयंसेवकों को ‘आपदा मित्र’ के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है। इसके अलावा 1,091 स्वयंसेवकों को अग्नि बचाव और 425 को बाढ़ बचाव कार्यों के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों में 90 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विभाग की 104.80 करोड़ रुपये लागत वाली 20 निर्माण परियोजनाओं पर कार्य भी तेजी से जारी है।
बैठक में यह भी बताया गया कि सेवाकाल के दौरान किसी होमगार्ड स्वयंसेवक की मृत्यु होने पर उसके नामित आश्रित को 5 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता दी जा रही है। दिसंबर 2020 से अब तक 3,153 मामलों में कुल 157.65 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
इसके अलावा अप्रैल 2022 से अब तक 125 दिवंगत होमगार्ड स्वयंसेवकों के आश्रितों को विभिन्न बैंकिंग बीमा योजनाओं के तहत 30 लाख से 45 लाख रुपये तक की बीमा सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान को राज्य स्तरीय अत्याधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर भी जोर दिया।