{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी अब बीमारू नहीं – मथुरा में गरजे नितिन नवीन, योगी मॉडल की जमकर तारीफ

 

Mathura : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की। बीजेपी अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहली बार यूपी दौरे पर पहुंचे नितिन नवीन ने मथुरा जनपद में कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि आज यूपी में एक्सप्रेस-वे की चर्चा होती है—यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे... यह दिखाता है कि यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं रहा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का संबल बन रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी, अयोध्या से लेकर मथुरा तक सांस्कृतिक विरासत को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी सांस्कृतिक विरासतों और राष्ट्रवाद की जड़ों को मजबूत नहीं किया, बल्कि विकास की गाथा को भी आगे बढ़ाया। भारत का हर सनातनी इसके लिए गर्व करता है। 

वृंदावन में मन की बात सुनी, राधे-राधे से किया स्वागत

रविवार को वृंदावन के अक्षयपात्र में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री योगी ने ब्रज की धरा पर पहली बार आए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं। बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक हैं। संगठन के विभिन्न पदों का निर्वहन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिला है। योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका प्रथम आगमन आह्लादकारी क्षण है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रज प्राचीन काल से तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव, बलदेव जैसे तीर्थ हजारों वर्षों से सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रेरणा हैं। यहां के रज-रज, कण-कण में श्रीकृष्ण, राधा रानी और हजारों वर्षों की विरासत का अंश श्रद्धालु आज भी ढूंढते हैं। अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पावन जन्मभूमि भी मथुरा में पड़ती है।

यूपी अब विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा

सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ नहीं रहा। यह भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू बनकर संबल बन रहा है। पिछले 5 साल से अधिक समय से यूपी रेवेन्यू सरप्लस राज्य है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से बड़े-बड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स धरातल पर उतार रही है। हर नागरिक को सुरक्षा का अहसास करा रही है। गरीब कल्याणकारी योजनाओं के साथ बिना भेदभाव वंचित, नौजवान, किसान, महिलाओं समेत हर तबके को वरीयता के आधार पर लाभ दिया जा रहा है।

योगी ने कहा कि यूपी का नौजवान अब पहचान के लिए मोहताज नहीं है। देश में कहीं भी जाकर गर्व से कह सकता है कि मैं यूपी का नागरिक हूं। एक समय था जब यूपी को बीमारू राज्य कहा जाता था, यहां की विरासत को कोसा जाता था, लेकिन अब यूपी विकास के अभियान में जुड़कर आगे बढ़ रहा है।

कार्यकर्ताओं से योगदान की अपील

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्ष में विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। इस गति को और तेज करने के लिए यूपी का एक-एक कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुटेगा। इस दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव आदि मौजूद रहे।