{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP ITI प्रवेश का रिजल्ट जारी, 27 अगस्त से 4 सितंबर तक मिलेगा एडमिशन का मौका
 

 

लखनऊ I राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT) ने उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम जारी कर दिया है। चयनित अभ्यर्थी 27 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक संबंधित ITI में प्रवेश ले सकेंगे। खास बात यह है कि प्रवेश प्रक्रिया अवकाश के दिनों में भी जारी रहेगी।

SCVT के अधिशासी निदेशक एवं विशेष सचिव, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग अभिषेक सिंह ने बताया कि सत्र 2026 के छह माह के पाठ्यक्रम, सत्र 2026-27 के एक वर्षीय तथा सत्र 2026-28 के दो वर्षीय पाठ्यक्रमों के लिए प्रथम चरण का चयन परिणाम घोषित किया गया है।

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट

अभ्यर्थी अपना चयन परिणाम SCVT की वेबसाइट scvtup.in अथवा upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं। वेबसाइट पर दिए गए संबंधित लिंक पर क्लिक करने के बाद अभ्यर्थी को अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।

चयन होने पर अभ्यर्थी का बुलावा पत्र स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंट लिया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है।

वहीं, जिन अभ्यर्थियों का प्रथम चरण में चयन नहीं हुआ है, उन्हें उनकी रैंक की जानकारी दिखाई जाएगी। ऐसे अभ्यर्थियों को अगले चरण की प्रवेश प्रक्रिया का इंतजार करना होगा।

मूल प्रमाण-पत्र लेकर संस्थान पहुंचना जरूरी

चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश की अंतिम तिथि से पहले संबंधित ITI के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा। उन्हें अपने साथ बुलावा पत्र, सभी मूल प्रमाण-पत्र, अंक पत्रों की प्रतियां, प्रत्येक की एक-एक प्रमाणित प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर जाना होगा।

प्रवेश सूची में नाम का सत्यापन होने के बाद आगे की प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों को अपग्रेडेशन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी के अनुसार ‘फ्रीज’ या ‘फ्लोट’ में से किसी एक विकल्प का चयन करना होगा।

अभ्यर्थी प्रवेश से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी ITI से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा हेल्प डेस्क नंबर 0522-4150500 और 7897992063 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।