{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP: "जॉनी जॉनी यस पापा और रेन रेन गो अवे..." उच्च शिक्षा मंत्री बोले- ये राइम्स पाठ्यक्रम से हटा देना चाहिए
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने ‘जॉनी जॉनी यस पापा’ और ‘रेन रेन गो अवे’ जैसी अंग्रेजी राइम्स को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनकी आपत्ति अंग्रेजी भाषा से नहीं, बल्कि ऐसी शिक्षा से है जो बच्चों को गलत संस्कार देती हो।

मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि हमारी शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो बच्चों को अच्छे संस्कार दे। उन्होंने कहा, “मैं अंग्रेजी का विरोधी नहीं हूं, बल्कि कुसंस्कार देने वाली शिक्षा का विरोधी हूं। इन राइम्स को हटाने के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री को पत्र लिखेंगे।”

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह इस मामले को बेवजह तूल दे रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष उन्हें अंग्रेजी विरोधी बताने की कोशिश कर रहा है, जबकि उनका उद्देश्य केवल संस्कारयुक्त शिक्षा को बढ़ावा देना है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि वह शिक्षकों से हमेशा ऐसी शिक्षा देने की अपील करते हैं, जो विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और संस्कार निर्माण में सहायक हो। उन्होंने बताया कि कानपुर और लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों में भी उन्होंने यही बात कही थी।

इसके अलावा मंत्री ने उच्च शिक्षा संस्थानों में छात्र संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिग्री कॉलेजों के शिक्षकों को आसपास के इंटर कॉलेजों में जाकर छात्रों से संपर्क करना चाहिए और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स शुरू करने पर भी बल दिया, ताकि विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा मिल सके।