{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP: CM योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाला मौलाना गिरफ्तार, जिला कारागार भेजा गया
 

 

बहराइच I मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल सलीम को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को बिहार से एसटीएफ ने गिरफ्तार कर यूपी के बहराइच लाया।

पुलिस के अनुसार, नगर कोतवाली में लगभग 30 मिनट तक पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जिला कारागार भेज दिया गया।

मौलाना अब्दुल सलीम ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री की मां पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद बहराइच समेत प्रदेश के कई जिलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे, जिससे मामला गंभीर हो गया था।

इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने 8 मार्च को नगर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई थी। तब से पुलिस और एसटीएफ आरोपी की तलाश में जुटी थी।

नगर एएसपी अशोक सिंह का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।