{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP: NEET छात्रा का अपहरण-दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला: 16 दिनों तक बंधक बनाकर रेप, नशीले इंजेक्शन और सिगरेट से दागा
 

 

महोबा: UP के महोबा जिले में नीट की तैयारी कर रही एक मध्य प्रदेश निवासी छात्रा के साथ हुए बेहद घिनौने अपहरण और दुष्कर्म के मामले ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। बदमाशों ने छात्रा को कोचिंग से घर लौटते समय अगवा कर प्रयागराज में 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया, नशीले इंजेक्शन लगाए और विरोध करने पर सिगरेट से दागा तथा चाकू से वार किए।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी मोहित श्रीवास (उसके गांव का रहने वाला) ने अपने साथियों अंकित श्रीवास, हल्लू राजपूत समेत लगभग आधा दर्जन लोगों के साथ मिलकर यह वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने उसे भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन शादी भी रचाई।

16 दिन बाद बरामदगी

पुलिस ने 30 अप्रैल को हुई घटना की सूचना मिलने के बाद चार टीमों का गठन कर छानबीन शुरू की। 16 मई को छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी एमएलसी जांच भी कराई जा चुकी है।

पीड़िता की गुहार

पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की अपील करते हुए सभी दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। वह अभी भी सदमे में है और काफी डरी हुई अवस्था में है।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

इस घटना के बाद सियासी बयार भी गरम हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने मामले को गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीड़िता से फोन पर बात की और कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस के प्रदेश सचिव ब्रजराज सिंह ने कहा कि पार्टी का एक प्रांतीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही महोबा पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात करेगी। कांग्रेस ने पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने कहा कि पीड़िता के बयान, साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच व कार्रवाई की जाएगी।