{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP News: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! यूपी में 81 हजार पुलिस भर्तियों का ऐलान
 

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी पुलिस में 81 हजार से अधिक पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान किया है। इस फैसले से लाखों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

गुरुवार को लखनऊ में पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, यह भर्ती अभियान न केवल युवाओं को रोजगार देगा, बल्कि प्रदेश को एक मजबूत, आधुनिक और ऊर्जावान पुलिस बल भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयन प्रक्रिया में मेरिट और आरक्षण नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

सीएम योगी ने बैठक में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही उन्होंने पीआरवी-112 सेवा की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान औसत 6 मिनट के रिस्पॉन्स टाइम को और कम किया जाए। उन्होंने पीआरवी वाहनों की रणनीतिक तैनाती और लगातार मूवमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हो सके और अपराधियों को कड़ा संदेश मिले।