UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी बोले- अब भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा, मेरिट के आधार पर मिलेगी नौकरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर चयनित 4,543 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में अब भाई-भतीजावाद नहीं चलेगा। राज्य की 25 करोड़ जनता ही उनका परिवार है और प्रत्येक युवा को योग्यता एवं मेरिट के आधार पर समान अवसर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होती थीं। उन्होंने कहा कि पहले आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई दूसरा देता था और नियुक्ति पत्र किसी तीसरे को मिल जाता था। उस दौर में भर्ती प्रक्रियाओं में सिफारिश और भाई-भतीजावाद का बोलबाला था, लेकिन वर्ष 2017 के बाद सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए पारदर्शी चयन प्रक्रिया स्थापित की है।
नवचयनित अभ्यर्थियों से मुख्यमंत्री ने पूछे तीन सवाल
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित अभ्यर्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने पूछा कि क्या किसी को चयन के लिए सिफारिश करानी पड़ी? क्या किसी ने नियुक्ति के बदले पैसे मांगे या लेन-देन का प्रस्ताव रखा? क्या किसी ने दबाव या धौंस दिखाकर नियुक्ति दिलाने का प्रयास किया?
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में योग्यता के आधार पर चयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यदि वर्ष 2017 में डबल इंजन की सरकार नहीं बनी होती, तो निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की कल्पना करना भी मुश्किल होता।
साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक सरकारी भर्तियों का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में लगभग 2.30 लाख अधिकारियों और कर्मचारियों की भर्ती की गई है। वहीं, विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 9.5 लाख से अधिक नियुक्तियां होने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि सरकार ने छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का संकल्प लिया था और इसी क्रम में लगातार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, दीपावली के बाद भैयादूज के अगले दिन राजस्व विभाग के 1,200 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 42 हजार होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया और पुलिस विभाग में 32 हजार कांस्टेबल एवं हेड कांस्टेबल की भर्ती से संबंधित प्रक्रियाएं भी आगे बढ़ रही हैं। करीब 25 हजार शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।
गरीबों के प्रति संवेदनशील और अपराधियों के प्रति सख्त रहे पुलिस
नवचयनित उपनिरीक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी जनता का विश्वास है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपील की कि गरीब, पीड़ित और वंचित व्यक्ति जब अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो उसके साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधी या माफिया कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून से बचने नहीं दिया जाना चाहिए। पुलिस की संवेदना पीड़ितों के प्रति और सख्ती अपराधियों के खिलाफ होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को न्याय दिलाना और कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा मजबूत करना नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
साइबर सुरक्षा, AI और ड्रोन तकनीक का भी मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवचयनित उपनिरीक्षकों को पारंपरिक पुलिस प्रशिक्षण के साथ आधुनिक तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें तीन नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ड्रोन तकनीक को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ अपराधों की प्रकृति भी बदल रही है। ऐसे में पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और नए कानूनों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने सभी नवचयनित पुलिसकर्मियों से अपनी कार्यशैली के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया।
पूर्ववर्ती सरकारों पर पुलिस संसाधनों की उपेक्षा का आरोप
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में एक पुराने प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि एक बार पुलिस लाइन में निरीक्षण के दौरान एक घोड़ा उनके सामने ही चक्कर खाकर गिर गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पुलिस के घोड़ों, श्वान दस्ते और अन्य संसाधनों की भी उपेक्षा की गई थी।
सीएम योगी ने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने पुलिस बल को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में व्यापक सुधार किए हैं।
पूर्वांचल सहित प्रदेशभर के युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर, गाजीपुर, जौनपुर, देवरिया, भदोही, गोरखपुर, हमीरपुर, सहारनपुर, आगरा और अन्य जिलों से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इनमें गाजीपुर के रंजीत खरवार और आशुतोष राय, जौनपुर के अनूप कुमार मौर्य और अमित कुमार दुबे, देवरिया के रवि प्रताप कुशवाहा तथा गोरखपुर के अभिषेक कुमार पाल सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी ऊर्जा, मेहनत और ईमानदारी से उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यक्षमता और मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ जनता के विश्वास पर भी खरे उतरेंगे।