UP Police SI PET 2026: 29 जून से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा, 7 दिन पहले जारी होंगे एडमिट कार्ड
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती 2026 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) की तिथियों की घोषणा कर दी है। लिखित परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड परीक्षा से सात दिन पहले जारी किए जाएंगे।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, शारीरिक दक्षता परीक्षा 29 जून, 30 जून और 1 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकेंगे।
पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए अलग मानक
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल होने के लिए पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट के भीतर पूरी करनी होगी। वहीं महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़ पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा।
4543 पदों पर होगी भर्ती
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 4543 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सब-इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस) के 4242 पद, महिला सब-इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस) के 106 पद, प्लाटून कमांडर/सब-इंस्पेक्टर (सिविल पुलिस) के 135 पद तथा स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) में प्लाटून कमांडर/सब-इंस्पेक्टर के 60 पद शामिल हैं।
भर्ती एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करने की सलाह दी गई है।