UP Teacher Cashless Health Scheme: क्या है सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना? जानिए कैसे मिलेगा 5 लाख तक मुफ्त इलाज
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना का उद्देश्य शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।
हालांकि योजना की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन अभी कई शिक्षकों को इसकी पूरी जानकारी नहीं है। शिक्षा विभाग की ओर से अब पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।
यह योजना आयुष्मान भारत की तर्ज पर संचालित की जाएगी। इसके तहत लाभार्थी राज्य सरकार द्वारा चिन्हित सरकारी और पैनल में शामिल निजी अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के इलाज करा सकेंगे। योजना में हृदय रोग, कैंसर, किडनी संबंधी बीमारियों, बड़ी सर्जरी समेत करीब 1900 से अधिक चिकित्सा पैकेज शामिल किए गए हैं।
योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के माध्यम से एक करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों को इलाज के लिए विशेष कैशलेस हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे।
इन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलने का अनुमान है। इनमें शामिल हैं—
- बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के राजकीय, सहायता प्राप्त एवं अनुदानित विद्यालयों के शिक्षक।
- शिक्षणेत्तर (नॉन-टीचिंग) कर्मचारी।
- शिक्षामित्र एवं अनुदेशक।
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) की वार्डन एवं स्टाफ।
- विशेष शिक्षक (स्पेशल एजुकेटर्स) और मध्यान्ह भोजन रसोइये।
सरकार ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में इस योजना का विस्तार उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों तक भी किया जाएगा।
ऐसे मिलेगा योजना का लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी (e-KYC) करानी होगी। इसके बाद उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड जारी किया जाएगा, जिसकी मदद से सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार कराया जा सकेगा।
किसी भी सहायता या जानकारी के लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर 1800-1800-4444 और 14555 जारी किए हैं। इसके अलावा support.sects@sachis.in ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को प्रदेश के शिक्षकों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।