{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UPPSC पीसीएस मुख्य परीक्षा 2024 का परिणाम घोषित 
 

 

प्रयागराज I उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा-2024 की मुख्य (लिखित) परीक्षा का परिणाम बुधवार देर रात जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में कुल 2719 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए सफल घोषित किया गया है।

परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in पर उपलब्ध है। इस भर्ती के माध्यम से कुल 947 पदों पर चयन होना है, जिसमें 24 प्रकार के पद शामिल हैं। मुख्य परीक्षा 26 जून से 2 जुलाई 2025 तक लखनऊ और प्रयागराज के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें 13776 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

आयोग के अनुसार, इनमें से एक प्रकार के 60 पदों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा और इनका परिणाम अंतिम चयन सूची के साथ घोषित किया जाएगा। शेष 887 पदों पर लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर चयन होगा, जिसके लिए 2719 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।

यूपीपीएससी सचिव अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा से संबंधित इलाहाबाद उच्च न्यायालय में 15 रिट याचिकाएं विचाराधीन हैं। इन याचिकाओं से जुड़े अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित नहीं किया गया है और यह न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम राज्य सरकार की विशेष अपील में उच्च न्यायालय के अंतिम फैसले के अधीन होगा।सफल अभ्यर्थियों को उनके अधिमान्य पदों के लिए प्राथमिकता एवं साक्षात्कार की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जाएगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक आदि की जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद ही जारी की जाएगी। इसलिए, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत इस संबंध में अभी कोई आवेदन न करें।