{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UPTET 2026: सफल अभ्यर्थियों के सर्टिफिकेट जारी, वेबसाइट से करें डाउनलोड; स्कोरकार्ड अब लाइफटाइम वैध
 

 

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 में सफल अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के UPTET Certificate जारी कर दिए हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपना प्रमाणपत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट डाउनलोड करने के लिए अपना रोल नंबर, जन्मतिथि और सिक्योरिटी पिन दर्ज करना होगा। इसके बाद वे अपनी मार्कशीट/सर्टिफिकेट स्क्रीन पर देख सकेंगे और उसे डाउनलोड करने के साथ प्रिंटआउट भी निकाल सकेंगे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद स्कोरकार्ड लाइफटाइम वैध

UPTET अभ्यर्थियों के लिए एक और महत्वपूर्ण राहत है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अब UPTET का स्कोरकार्ड लाइफटाइम वैध रहेगा। यानी परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को पात्रता बनाए रखने के लिए दोबारा UPTET परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपना सर्टिफिकेट सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

ऐसे डाउनलोड करें UPTET Certificate 2026

UPTET सर्टिफिकेट डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को इन आसान स्टेप्स को फॉलो करना होगा—

  • सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं।
  • होम पेज पर UPTET Certificate से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
  • नए पेज पर अपना Roll Number, Date of Birth और Security PIN दर्ज करें।
  • इसके बाद Download Certificate विकल्प पर क्लिक करें।
  • आपका सर्टिफिकेट/मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
  • इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखें और जरूरत होने पर इसका प्रिंटआउट निकाल लें।

पेपर-1 में 80.07% अभ्यर्थी हुए सफल

UPTET 2026 का परिणाम 26 अगस्त को घोषित किया गया था। प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी यानी 80.07 प्रतिशत सफल घोषित किए गए।

वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी यानी 71.85 प्रतिशत सफल हुए।

कार्यरत शिक्षकों का भी रहा बेहतर प्रदर्शन

परीक्षा में शामिल कार्यरत शिक्षकों में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की। प्राथमिक स्तर पर परीक्षा में शामिल 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों में से 93,387 यानी 76.29 प्रतिशत सफल हुए।

इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर पर शामिल 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों में से 1,13,384 यानी 77.45 प्रतिशत अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।