{"vars":{"id": "130921:5012"}}

2036 ओलिंपिक की तैयारी में जुटा उत्तर प्रदेश, CM योगी बोले- खेल संघ निभाएं अंतरराष्ट्रीय भूमिका
 

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलिंपिक खेलों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के खेल संघों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक खेल संगठनों में बढ़ती भागीदारी से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थाओं को नई दिशा और बेहतर अनुभव मिलेगा, जिससे प्रदेश और देश की खेल व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

यह बातें मुख्यमंत्री ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के अध्यक्ष एवं कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) दीपक कुमार से शिष्टाचार भेंट के दौरान कहीं। हाल ही में सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में आयोजित इंटरनेशनल स्कूल स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएफ) के चुनाव में दीपक कुमार कार्यकारिणी सदस्य चुने गए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल संस्थाओं की कार्यप्रणाली और नीतियों का अनुभव भारत की खेल व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा। उन्होंने कबड्डी और योग जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों को ओलंपिक में शामिल कराने के लिए भी रणनीतिक प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2036 तक उत्तर प्रदेश को स्कूली खेलों के क्षेत्र में देश के शीर्ष तीन राज्यों में शामिल करने के लिए अभी से ठोस और दीर्घकालिक योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

भारत ने जीता वॉलीबॉल में कांस्य पदक

दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत ने पहली बार आईएसएफ अंडर-15 वर्ल्ड स्कूल वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2025 के बालक वर्ग में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम के तहत 120 से अधिक शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और प्रशिक्षकों को प्रमाणित किया गया है।

2027 में भारत करेगा दो बड़ी प्रतियोगिताओं की मेजबानी

दीपक कुमार ने बताया कि भारत को वर्ष 2027 में आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल कुश्ती चैंपियनशिप और आईएसएफ वर्ल्ड स्कूल बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी मिली है। दोनों प्रतियोगिताएं दिल्ली में आयोजित होंगी। इसके लिए एसजीएफआई ने दिल्ली सरकार और भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के साथ समझौता किया है।