{"vars":{"id": "130921:5012"}}

हम आपको भला क्या दे सकते है...अखिलेश यादव के जन्मदिन पर ओपी राजभर ने दी ये खास सलाह, जानें क्या कहा?

 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिेलेश यादव के जन्मदिन पर शुभकामनाओं के साथ-साथ सियासी तंज भी देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए लंबा संदेश लिखा, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव को राजनीति से जुड़ी कई नसीहतें भी दीं।

ओपी राजभर ने लिखा, "समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।"

इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने काफी सोचा कि जन्मदिन पर अखिलेश यादव को क्या उपहार दें। उन्होंने लिखा, "आप बड़े घर के बेटे हैं। आपके पिता पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री रहे हैं। आप स्वयं भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं और आलीशान बंगलों में जीवन बीता है। ऐसे में हम आपको भला क्या दे सकते हैं।"

'आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी से बाहर निकलिए'

राजभर ने आगे लिखा कि उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते वह एक बेशकीमती सलाह देना चाहते हैं और इसे ही जन्मदिन का उपहार मानें। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को "आलसी और आरामतलबी वाली जिंदगी" से बाहर निकलना चाहिए और "एसी-पीसी की राजनीति" छोड़कर गांव-देहात की पगडंडियों पर जाना चाहिए।

उन्होंने सलाह दी कि गैर-यादव पिछड़ों, गरीबों, दलितों, वंचितों और समाज के सभी वर्गों के बीच जाकर उनके सुख-दुख में शामिल हों और नए उत्तर प्रदेश को नजदीक से समझने का प्रयास करें।

'ट्विटर पर वीडियो देखने से राजनीति नहीं समझ आएगी'

राजभर ने अपने संदेश में लिखा कि सिर्फ एसी कमरे में बैठकर सोशल मीडिया पर खेत-खलिहान और किसानों के वीडियो देखने से वास्तविक राजनीति की समझ नहीं आती। उन्होंने कहा कि खेतों में जाकर किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना जरूरी है।

उन्होंने लिखा, "शुरुआत में हो सकता है कि मेड़-पगडंडी पर चलते हुए आपका पैर मुड़ जाए, कांटा चुभ जाए, धूप लगे और पसीना भी आए, लेकिन लगातार प्रयास करेंगे तो गांव की राजनीति से प्रदेश की राजनीति का असली रास्ता समझ में आ जाएगा।"

'जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं'

अपने संदेश के अंत में राजभर ने कहा कि जमीन से जुड़ने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, इसके लिए गांव-गांव जाना और लोगों के बीच रहना पड़ता है। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए लिखा कि वह 48 डिग्री तापमान में भी लगातार गांवों का दौरा करते हैं।

उन्होंने अंत में एक बार फिर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि ईश्वर उन्हें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा दें।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।

बहुत सोचा कि आपको उपहार में क्या दूं...आप ठहरे बड़े घर के बेटे, पिताजी पूर्व सीएम और रक्षामंत्री रहे, आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री…

— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) July 1, 2026