होली पर योगी सरकार का तोहफा: 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को मुफ्त गैस सिलिंडर
लखनऊ। होली के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलिंडर रीफिल सब्सिडी की सौगात दी। राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1500 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की।
इस मौके पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि होली का पर्व आपसी गिले-शिकवे भुलाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस शासन में सिफारिश के आधार पर सिलिंडर मिलता था, लेकिन आज आमजन तक गैस कनेक्शन पहुंच चुका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को सुविधा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि अब बिना जुगाड़ के नौकरियां मिल रही हैं और तीन तलाक जैसी प्रथा पर रोक लगी है।
वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले गरीब और अमीर की पहचान शौचालय से की जाती थी, लेकिन अब हर घर में शौचालय बना है। आयुष्मान योजना से गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना की शुरुआत बलिया से हुई थी और अब तक 10 करोड़ से अधिक लोगों को लाभ मिल चुका है। साथ ही महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व समता और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि डबल इंजन सरकार ने 2022 में इस योजना की शुरुआत की थी और लाभार्थी होली से पहले या बाद में अपने नजदीकी गैस एजेंसी से मुफ्त भरा सिलिंडर ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ सरकार का मूल मंत्र है।
सीएम ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है और शिक्षकों व कर्मचारियों को भी इससे जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था खराब थी, लेकिन अब निवेशक यूपी में आना चाहते हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में महिलाओं को रोजगार, लखपति दीदी योजना, सीमार्ट, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर बेटी के साथ खड़ी है और प्रदेश को परिवार मानकर काम कर रही है।