योगी सरकार का बड़ा ऐलान: UP कर्मचारियों का डीए 2% बढ़ा, अब मिलेगा 60 फीसदी महंगाई भत्ता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ता (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath की सरकार के इस फैसले के बाद अब राज्य कर्मचारियों का डीए 58 फीसदी से बढ़कर 60 फीसदी हो गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मई 2026 के वेतन से लागू होगा, जबकि इसका लाभ 1 जनवरी 2026 से दिया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार मई माह की सैलरी में कर्मचारियों को बढ़ा हुआ डीए जोड़कर मिलेगा। इसके साथ ही जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक की बकाया राशि भी कर्मचारियों को दी जाएगी। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने गुरुवार को शासनादेश जारी किया।
16 लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़ाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के करीब 16 लाख राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों को भी डीए वृद्धि का इंतजार था। अब राज्य सरकार ने भी कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए महंगाई भत्ते में वृद्धि कर दी है। इससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों को सीधा फायदा मिलेगा।
इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
सरकार की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि डीए वृद्धि का लाभ पूर्णकालिक नियमित राज्य कर्मचारियों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों को मिलेगा।
मई के वेतन के साथ होगा भुगतान
राज्य सरकार ने कहा है कि 1 जनवरी 2026 से देय बढ़ी हुई धनराशि का भुगतान मई माह के नियमित वेतन के साथ नकद किया जाएगा। वहीं, 1 जनवरी 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक की बकाया राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि (GPF) खाते में जमा की जाएगी। यदि कोई राशि शेष रहती है तो उसे आयकर एवं सरचार्ज कटौती में समायोजित किया जाएगा।
रिटायर कर्मचारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था
शासनादेश में रिटायर हो चुके और जल्द रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं। आदेश के मुताबिक जिन कर्मचारियों की सेवाएं शासनादेश जारी होने से पहले समाप्त हो चुकी हैं या जो 1 जनवरी 2026 से आदेश जारी होने की तारीख के बीच सेवानिवृत्त हुए हैं, उन्हें बकाया डीए की पूरी राशि नकद दी जाएगी।
इसके अलावा आदेश जारी होने के छह महीने के भीतर रिटायर होने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी बकाया डीए का भुगतान नकद किया जाएगा।