{"vars":{"id": "130921:5012"}}

योगी सरकार की ‘Blue Dots AI’ पहल, घर बैठे मिलेगी लोकल जॉब की जानकारी

 

Lucknow/Muzaffarnagar : उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को उनके गृह क्षेत्र में ही रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई डिजिटल पहल ‘ब्लू डॉट्स AI’ (Blue Dots AI) शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की जा रही इस पहल के जरिए युवाओं को स्थानीय भाषा में मोबाइल मैप पर अपने आसपास उपलब्ध नौकरियों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

शनिवार को मुजफ्फरनगर में प्रदेश के पहले जॉइंट फैसिलिटेशन सेंटर (JFC) का उद्घाटन करते हुए व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि गाजियाबाद में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इस मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू किया जा रहा है।

मोबाइल मैप पर मिलेगी नौकरी की जानकारी

‘ब्लू डॉट्स AI’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा अपनी स्थानीय भाषा में वॉयस कॉल के जरिए भी जुड़ सकेंगे। मोबाइल मैप पर आसपास उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी तत्काल प्राप्त होगी। वहीं स्थानीय उद्योगों और MSME इकाइयों को अपने क्षेत्र के प्रशिक्षित और कुशल युवाओं की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी।

18 मंडलों में खुलेंगे जॉइंट फैसिलिटेशन सेंटर

सरकार की योजना के तहत प्रदेश के सभी 18 मंडलों में जॉइंट फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, रोजगार कार्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक संस्थान और उद्योग संगठन एकीकृत रूप से कार्य करेंगे।

इस परियोजना में EY, EkStep Foundation और Head Held High Foundation तकनीकी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

गाजियाबाद मॉडल रहा सफल

गाजियाबाद में संचालित पायलट प्रोजेक्ट के दौरान कुछ ही महीनों में 16 हजार से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए गए और 15 हजार से ज्यादा युवाओं का पंजीकरण हुआ।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि अक्सर जानकारी के अभाव में युवा रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करते हैं। ‘ब्लू डॉट्स AI’ इस समस्या का प्रभावी समाधान साबित होगा।

आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में कदम

उन्होंने कहा कि स्थानीय कौशल और स्थानीय उद्योगों को जोड़कर आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। इस पहल से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, कुशल श्रमिकों को उचित अवसर मिलेंगे और रोजगार प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तेज होगी।

सरकार का उद्देश्य है कि सूचना के अभाव में कोई भी योग्य युवा रोजगार से वंचित न रहे।