UP में युवाओं को मिलेंगे 25 लाख टैबलेट, CM योगी ने लखनऊ से शुरू किया वितरण अभियान
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से टैबलेट वितरण अभियान का शुभारंभ किया। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेशभर में 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने का लक्ष्य है। शुभारंभ कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में बजरंगबली जैसी ताकत है और उन्हें किसी लक्ष्य को असंभव नहीं मानना चाहिए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि युवा उम्र में लिए गए संकल्प समाज और देश में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।
60 लाख से अधिक युवाओं को मिल चुका है योजना का लाभ
प्रदेश में टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को हुई थी। राज्य सरकार के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में 60 लाख से अधिक युवा इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। नए टैबलेट में इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड, अध्ययन और युवा साथी ऐप के जरिए करीब 18 हजार पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। इनमें पढ़ाई के साथ कौशल विकास और रोजगार की तैयारी से जुड़ी सामग्री भी शामिल होगी।