{"vars":{"id": "130921:5012"}}

युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका, योगी सरकार फ्री देगी पॉपकॉर्न और दोना-पत्तल मशीनें, कैसे करें आवेदन ?
 

 

ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी को रोकने और युवाओं को गांव में ही स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। भुर्जी समाज के बेरोजगार युवक-युवतियों को पॉपकॉर्न मेकिंग मशीन और दोना-पत्तल मेकिंग मशीन उद्योग स्थापित करने के लिए टूल किट्स प्रदान की जाएंगी। 

इस योजना के तहत इच्छुक उम्मीदवार 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण युवाओं को उनके गांव में ही रोजगार मुहैया कराना है, जिससे शहरों की ओर हो रहे पलायन पर अंकुश लगेगा। 

विशेष प्राथमिकता भुर्जी समाज को

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिलास्तरीय चयन समिति के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। योजना में भुर्जी समाज को विशेष प्राथमिकता दी गई है। 

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी UPKVIB की आधिकारिक वेबसाइट upkvib.gov.in पर ऑनलाइन सेवाओं के अंतर्गत “ऑनलाइन टूल किट्स पंजीकरण एवं आवंटन” लिंक पर जाकर 30 मई तक आवेदन कर सकते हैं। 

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हार्ड कॉपी के साथ निम्नलिखित दस्तावेज जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, यूपी खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत परिसर, लखीमपुर के कार्यालय में जमा करने होंगे:
- आधार कार्ड
- तहसील से जारी जाति प्रमाण पत्र
- शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र
- ग्राम प्रधान द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र
- आय प्रमाण पत्र
- अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो)
- परिवार रजिस्टर
- राशन कार्ड

जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 30 मई के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने भुर्जी समाज के साथ-साथ उद्योग में रुचि रखने वाले अन्य ग्रामीण युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन करें।