15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम
Weather Update Today: देशभर में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ और जलभराव जैसे हालात बन गए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए 15 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट लागू है, जबकि असम में बाढ़ से अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है।
15 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
असम में बाढ़ का कहर, 97 लोगों की मौत
असम में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 15 जिलों में 1.68 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है।
राज्य और केंद्र सरकार की एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। इस बीच झारखंड सरकार ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दिल्ली-NCR और गुरुग्राम में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सफदरजंग, आरके पुरम, गोल्फ क्लब रोड समेत कई क्षेत्रों में यातायात प्रभावित रहा।
गुरुग्राम में हालात और गंभीर रहे। कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और पॉश सोसाइटियों में भी जलभराव देखने को मिला। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सलाह जारी की है।
प्रशासन की एडवाइजरी
जिन कर्मचारियों के लिए संभव हो, वे वर्क फ्रॉम होम करें।
जलभराव वाले मार्गों से बचें।
आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
संबंधित अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलनिकासी की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में इन जिलों के लिए चेतावनी
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिले- मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, कानपुर, प्रयागराज, देवरिया, वाराणसी, गोरखपुर। इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में भी मौसम का डबल अटैक
बिहार के रोहतास, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, गया, पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब में भी अलर्ट
राजस्थान के दौसा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, अजमेर और अलवर सहित कई जिलों में बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के भोपाल, रायसेन, विदिशा, देवास, शहडोल, बालाघाट, सिवनी, पन्ना, दमोह और शिवपुरी समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पठानकोट, होशियारपुर और चंडीगढ़ सहित कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज तूफान की आशंका
झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, देवघर, हजारीबाग, जमशेदपुर, खूंटी और पलामू में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, मालदा और बांकुड़ा सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा
उत्तराखंड
केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास भूस्खलन से सड़क बाधित हो गई, जिससे कई वाहन फंस गए। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भारी बारिश का अलर्ट है।
जम्मू-कश्मीर
शोपियां जिले के ऊपरी इलाकों में बादल फटने की घटना सामने आई है। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है। जम्मू, पुंछ, राजौरी, कठुआ, कुलगाम और गांदरबल समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश
शिमला, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन और बिलासपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है। कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़कें बंद होने की खबरें सामने आई हैं।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने, तेज हवाओं और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और मछुआरों को भी मौसम सामान्य होने तक अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।