Azamgarh : घाघरा नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Azamgarh : आजमगढ़ जनपद (Azamgarh) के रौनापार थाना अंतर्गत घाघरा नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान महुला गांव निवासी सुधांशु राय और धनौली गांव के अभिषेक राय के रूप में हुई है। दोनों युवाओं की उम्र लगभग 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है और वे सेना और पुलिस की भर्ती की तैयारी कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

नदी में उतरने से रोका गया, फिर भी नहीं माने

स्थानीय ग्रामीण ज्ञान निषाद ने बताया कि उन्होंने युवाओं को गहरे पानी में जाने से मना किया था, लेकिन दोनों युवकों ने बात नहीं मानी। नहाते वक्त दोनों गहराई में चले गए और डूबने लगे। काफी तलाश के बाद सुबह करीब 9 बजे गोताखोरों ने दोनों के शव घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर से बरामद किए।

घर के इकलौते बेटे थे दोनों

सुधांशु राय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं अभिषेक राय भी अपने परिवार का अकेला चिराग था, जो इस समय अपने ननिहाल महुला गांव में रहकर पढ़ाई और तैयारी कर रहा था। अचानक हुए इस हादसे ने दोनों ही परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

रोजाना करते थे कड़ी मेहनत

परिजनों ने बताया कि सुधांशु और अभिषेक समेत आठ युवकों का एक ग्रुप था, जो सुबह तीन बजे उठकर गांव के पास रजौली बाग में दौड़ लगाने जाया करता था। छह बजे तक सभी वापस घर लौटते थे। यह पहला मौका था जब वे घाघरा नदी में नहाने गए थे। लेकिन यह नहाना उनकी जिंदगी का आखिरी पल बन गया।

प्रशासन पहुंचा मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही रौनापार थाना प्रभारी अनुपम जायसवाल और सगड़ी के नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *