वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जनवरी 2025 में 124 इलेक्ट्रिक लोको बोगियों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इससे पहले, नवंबर 2022 में 104 लोको बोगियों के निर्माण का रिकॉर्ड था, जिसे इस बार पीछे छोड़ दिया गया है। यह उपलब्धि बरेका की उच्च उत्पादन क्षमता और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रमाण है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 31 जनवरी 2025 को बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने ट्रक मशीन शॉप (टीएमएस) पहुंचकर पूजा-अर्चना की और इस बोगी को राष्ट्र सेवा को समर्पित किया। इस अवसर पर प्रमुख विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी परिषद के सदस्यों और बड़ी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने इस शानदार उपलब्धि पर टीएमएस शॉप की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि बरेका लोको उत्पादन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। यह उपलब्धि भारतीय रेलवे के आत्मनिर्भर भारत मिशन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बरेका के अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण से यह नया रिकॉर्ड संभव हो सका है। यह सफलता भारतीय रेलवे के लिए तकनीकी क्षमता और उत्पादन दक्षता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
