बीजापुर I बीजापुर के कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने जवानों के वाहन पर आईईडी ब्लास्ट किया है, जिसमें सात जवान शहीद हो गए हैं। कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है, और घायल जवानों को निकाला जा रहा है। इस हमले में वाहन के परखच्चे उड़ गए हैं, लेकिन वाहन में कुल कितने जवान सवार थे, इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है।
सूत्रों के अनुसार, जवान नक्सल ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे, जब कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी विस्फोट किया। छत्तीसगढ़ में नक्सल ऑपरेशनों से नक्सली बौखलाए हुए हैं और बड़े हमले की योजना बना रहे थे। बस्तर आईजीपी सुंदर राज पी. ने सात जवानों के शहीद होने की पुष्टि की है। इस हमले में आठ जवान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें विमान से बस्तर लाया जाएगा और फिर रायपुर भेजने की तैयारी है।
यह हमला पंखाजूर में नक्सल ऑपरेशन के बाद हुआ। रविवार को फोर्स ने पंखाजूर ऑपरेशन में पांच नक्सलियों को ढेर किया था। इसके बाद जवान वापस लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी विस्फोट किया। घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान जारी है और घायल जवानों को चिकित्सा सहायता देने के लिए विमान से भेजने की योजना बनाई जा रही है।