भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के लिए काशी क्षेत्र में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक चुनावों की तैयारियों में तेजी लाते हुए प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने काशी क्षेत्र के चुनाव संचालन की जिम्मेदारी राजेंद्र तिवारी को सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में सौंपी है। काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 संगठनात्मक जिलों के लिए जिला चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने जानकारी दी कि 15 से 30 अक्टूबर के बीच सक्रिय सदस्यता अभियान चलाया गया था। इसके बाद जिलों में सक्रिय सदस्यों की सूची तैयार की गई और इसे सार्वजनिक किया गया। आगामी 15 नवंबर से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर चुनाव होंगे, इसके बाद मंडल और जिलों के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी महानगर के लिए विधायक और बृज क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल को जिला चुनाव अधिकारी बनाया गया है। वहीं, वाराणसी जिले के लिए एमएलसी और पूर्व मंत्री अशोक कटारिया को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अन्य जिलों के लिए जिन नेताओं को जिला चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है, उनमें महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य (गाजीपुर), प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा (प्रतापगढ़), प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश राय (भदोही), प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी (जौनपुर) सहित अन्य प्रमुख नेता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *