वाराणसी। बनारस रेल कारखाना (BLW) में काशी के पहले डाइविंग सुविधा युक्त आठ लेन वाले आधुनिक स्वीमिंग पूल का संचालन शुरू हो गया है। अब तैराकी प्रेमियों और खिलाड़ियों को पूल में प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
BLW का यह पूल बनारस का इकलौता डाइविंग सुविधा युक्त पूल है। जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय और सिगरा स्टेडियम के स्वीमिंग पूल में डाइविंग की सुविधा नहीं है। खिलाड़ियों और तैराकी के शौकीनों को इस पूल का लंबे समय से इंतजार था, जो अब दो महीने की देरी के बाद खत्म हुआ।
BLW पूल में एक सत्र 45 मिनट का होगा और सुबह-शाम दो पालियों में कुल पांच सत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लाइफ गार्ड्स की नियुक्ति की गई है। महिलाओं और रेल कर्मचारियों के परिजनों के लिए विशेष सत्र निर्धारित किए गए हैं, जिससे वे स्वच्छता और निजता के साथ पूल का उपयोग कर सकें।
फॉर्म वितरण शुरू
BLW जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, तैराकी प्रशिक्षण लेने के इच्छुक लोग क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय से सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यदिवसों में फॉर्म खरीद सकते हैं। BLW कर्मियों, केंद्रीय और राज्य कर्मियों तथा आम नागरिकों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किए गए हैं।
17 तैराक बरेली रवाना, छह राष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल

इधर, 23 से 25 मई तक बरेली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रादेशिक तैराकी प्रतियोगिता के लिए वाराणसी जिले के 17 तैराक बरेली रवाना हुए हैं। इसमें छह राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं। गुरुवार को इन खिलाड़ियों ने सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंतिम अभ्यास किया।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, बटरफ्लाई, ब्रेस्ट स्ट्रोक, व्यक्तिगत मेडले और रिले रेस की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रतिभा दिखाएंगे।
प्रतिभागी खिलाड़ी:
बालक वर्ग: अजय साहनी, सुमित साहनी, रोहित बिंदु, रामाशीष यादव, अंगद विश्वकर्मा, सत्यम साहनी, पुष्पेंद्र सिंह, कार्तिक साहनी, कृष्ण कुमार साहनी, आकाश।
बालिका वर्ग: रिया पटेल, प्रिया, अनन्या, प्रियांसी, पलक, किरण साहनी।
