Movie prime

UP Board Scrutiny 2026: असंतुष्ट छात्रों की कॉपियों की स्क्रूटनी शुरू, वाराणसी में बना कंट्रोल रूम, CCTV निगरानी में होगी जांच

 
///
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट छात्र-छात्राओं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की गाइडलाइन के अनुसार इस बार स्क्रूटनी का पूरा कार्य CCTV कैमरों की निगरानी में कराया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहे।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी में इसके लिए विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है। यहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हजारों उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी। बोर्ड ने यह कार्य 15 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

9 हजार से अधिक कॉपियों की होगी जांच

जानकारी के अनुसार इंटरमीडिएट की 8 हजार से अधिक तथा हाईस्कूल की 1600 से ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं की स्क्रूटनी की जानी है। इस दौरान प्रत्येक कॉपी पर अंक जोड़ने और अंक चढ़ाने की प्रक्रिया का बारीकी से मिलान किया जाएगा।

क्षेत्रीय अपर सचिव Bhaskar Mishra ने बताया कि स्क्रूटनी कार्य में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए CCTV निगरानी के साथ चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगी।

गलती मिलने पर होगी विशेष जांच

स्क्रूटनी के दौरान यदि किसी उत्तर पुस्तिका में अंक चढ़ाने या जोड़ने में त्रुटि पाई जाती है, तो उस कॉपी को अलग रखा जाएगा। इसके बाद चार सदस्यीय समिति की मौजूदगी में मामले की जांच होगी और सभी सदस्यों के हस्ताक्षर के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

संबंधित विषय के शिक्षक भी उपलब्ध रहेंगे ताकि आवश्यकता पड़ने पर उत्तर पुस्तिका का विधिवत परीक्षण किया जा सके। अंतिम निर्णय के लिए संबंधित दस्तावेज यूपी बोर्ड मुख्यालय, प्रयागराज भेजे जाएंगे।

जून के अंतिम सप्ताह में मिल सकती है मार्कशीट

यूपी बोर्ड के विद्यार्थियों को मार्कशीट प्राप्त करने के लिए अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। अधिकारियों के अनुसार मार्कशीट जून के अंतिम सप्ताह तक जारी होने की संभावना है, क्योंकि बड़ी संख्या में छात्रों ने अंकपत्रों में संशोधन के लिए आवेदन किया है।

नाम, जन्मतिथि और जेंडर सुधार के हजारों आवेदन

वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय से जुड़े करीब 10 जिलों से कुल 4,697 संशोधन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक आवेदन नाम सुधार से संबंधित हैं।

संशोधन के प्रमुख आवेदन इस प्रकार हैं-

नाम संशोधन : 1,275
पिता के नाम में सुधार : 1,139
माता के नाम में सुधार : 974
जन्मतिथि संशोधन : 786
जेंडर सुधार : 92
फोटो परिवर्तन : 431

अधिकारियों के अनुसार सभी आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को त्रुटिरहित मार्कशीट उपलब्ध कराई जा सके।