वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी से सियासत गरम, प्रदीप जायसवाल बोले- 2008 से कोई रिश्ता नहीं
वाराणसी के चर्चित कफ सिरप तस्करी मामले में गिरफ्तार वैभव जायसवाल के सपा नेता से रिश्ते को लेकर सियासत गरमा गई है। सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने रिश्ते से इनकार करते हुए इसे छवि खराब करने की साजिश बताया और जांच में सहयोग की बात कही।
वाराणसी: कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में गिरफ्तार हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल के सपा नेता से रिश्ते को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है, जिस पर समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने अपनी सफाई दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस जांच में सामने आया कि कफ सिरप तस्करी गिरोह के सरगना शुभम जायसवाल का करीबी वैभव जायसवाल हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों का लेनदेन करता था। उसकी गिरफ्तारी के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि वह सपा के एक बड़े नेता का रिश्तेदार है।
प्रदीप जायसवाल का बयान: ‘2008 से कोई संबंध नहीं’
सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने इस पूरे मामले पर स्पष्ट किया कि उनका वैभव जायसवाल या उसके परिवार से साल 2008 से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते उनके भाईयों से रिश्ते समाप्त हो चुके हैं और तब से किसी भी पारिवारिक कार्यक्रम या संपर्क में नहीं हैं।
छवि खराब करने की साजिश’ का आरोप
प्रदीप जायसवाल ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर जानबूझकर उनके और पार्टी के नाम को इस मामले से जोड़कर छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। सपा नेता ने साफ कहा कि वे किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ हैं और प्रशासन द्वारा की जाने वाली हर जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कोडीन सिरप और इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ मैं सख्त हूं और कानून अपना काम करे।
