वाराणसी को मिलेगी आधुनिक गेटेड टाउनशिप, VDA ने जारी की आनंद काशी टाउनशिप की पहली झलक
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) पूर्वांचल की सबसे आधुनिक और सुव्यवस्थित आवासीय परियोजनाओं में शामिल होने जा रही कल्लीपुर आनंद काशी टाउनशिप को मॉडल टाउनशिप के रूप में विकसित करेगा। वीडीए ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की पहली तस्वीर जारी कर दी है। इसके लिए जल्द ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
करीब 250 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होने वाली यह परियोजना आवासीय एवं बहुउद्देशीय सुविधाओं से युक्त होगी। वीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि परियोजना के लिए 135 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण रजिस्ट्री के माध्यम से किया जा चुका है, जबकि लगभग 15 एकड़ भूमि लैंड पूलिंग मॉडल से प्राप्त हुई है। किसानों को अब तक 550 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा वितरित किया जा चुका है।
परियोजना के प्रथम चरण की अनुमानित लागत 1110 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस टाउनशिप को काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। यह वाराणसी में पिछले लगभग 30 वर्षों के बाद विकसित होने वाली पूर्णतः गेटेड और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस टाउनशिप होगी।
टाउनशिप में 80 से 100 फीट चौड़ी सड़कें, आधुनिक जल निकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं और उच्च स्तरीय आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी की अवधारणा के अनुरूप सौर ऊर्जा आधारित रूफटॉप सिस्टम, एलईडी स्ट्रीट लाइटिंग और अन्य स्मार्ट शहरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
वीडीए के अनुसार, आनंद काशी टाउनशिप काशी की पारंपरिक पहचान और आधुनिक शहरी विकास का अनूठा संगम होगी। इसकी वास्तुकला और डिजाइन में काशी की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत की झलक दिखाई देगी। यह परियोजना न केवल आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी बल्कि वाराणसी के शहरी विकास को भी नई दिशा देगी।
