वाराणसी: रोहनिया में युवक की गोली मारकर हत्या, ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी स्थित सौरव विहार कॉलोनी के पास रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक सवार बदमाशों द्वारा गोली मारकर फरार होने की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ था युवक
पुलिस के अनुसार रोहनिया थाना क्षेत्र के सौरव विहार कॉलोनी, अखरी के पास देर रात गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
घायल युवक की पहचान जितेंद्र सिंह के रूप में हुई। उसकी पीठ में गोली लगी थी और हालत बेहद गंभीर थी। ट्रॉमा सेंटर में पूरी रात उसका इलाज चलता रहा, लेकिन सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
घर लौटते समय बदमाशों ने बनाया निशाना
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। घायल अवस्था में युवक ने पुलिस को बताया था कि मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर उसके पास पहुंचे और गोली मारकर मौके से फरार हो गए। युवक के बयान के आधार पर पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद रोहनिया पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या से पहले और बाद की गतिविधियों को खंगालने के लिए इलाके के सभी प्रमुख मार्गों और आसपास के कैमरों की फुटेज एकत्र की जा रही है।
परिजनों से तहरीर लेकर दर्ज होगा मुकदमा
पुलिस के मुताबिक मृतक के परिजनों से बातचीत की जा रही है और तहरीर ली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
