CM Yogi Ayodhya Visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने ‘पौधरोपण महा अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया। दौरे की शुरुआत उन्होंने संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना से की, जहां उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

CM Yogi ने श्रीरामलला के दरबार में लगाई हाजिरी
हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) सीधे श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक आरती उतारी और मंदिर परिसर की परिक्रमा कर श्रीराम दरबार में भी पूजन किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें चल रहे निर्माण कार्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

आमजनों से मिले, स्वीकार किया अभिवादन
मुख्यमंत्री ने मंदिर दर्शन के पश्चात परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
सीएम योगी के अयोध्या आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
जुलाई में पहली बार अयोध्या दौरे पर आए सीएम
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी का यह जुलाई माह का पहला अयोध्या दौरा है। इससे पहले वे 5 जून को राम दरबार के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां आए थे।
