लखनऊ। CM Yogi ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
CM Yogi ने निर्देश दिया कि बाढ़ शरणालयों में महिला सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। बच्चों के लिए दूध की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और रेस्क्यू कार्य में छोटी व मझली नावों का प्रयोग न किया जाए।
CM Yogi ने कहा कि जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका तुरंत सर्वे कर मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास और जमीन का पट्टा प्रदान किया जाए।
CM Yogi ने यह भी निर्देश दिया कि कोई भी व्यक्ति जर्जर भवनों में न रहे, उन्हें अविलंब बाढ़ शरणालयों में स्थानांतरित किया जाए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को सूचित करने को कहा गया है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को 3 दिन मुफ्त यात्रा
CM Yogi ने रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं और बहनों को विशेष तोहफा देते हुए घोषणा की कि 8 अगस्त की सुबह से 10 अगस्त की रात 12 बजे तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) व नगरीय बस सेवाओं में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस अवधि में पर्याप्त संख्या में बसें चलाई जाएंगी।

तिरंगा महोत्सव और विभाजन विभीषिका दिवस पर विशेष कार्यक्रम
CM Yogi ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकालने और स्कूल-कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर पूरे प्रदेश में भव्य रूप से तिरंगा फहराया जाए और राष्ट्रगान गाया जाए।
हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए CM Yogi ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 4.60 करोड़ तिरंगे फहराए जाने का लक्ष्य है, और 8 अगस्त तक सभी तिरंगे तैयार कर लिए जाएं। 9 से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, तिरंगा महोत्सव व मेलों का आयोजन किया जाए।
शिक्षा और किसानों को लेकर भी दिए निर्देश
CM Yogi ने बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए स्कूलों की पेयरिंग में मानक के अनुसार काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अनियमितता करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
इसके अलावा, CM Yogi ने किसानों को तय दरों पर आवश्यक मात्रा में उर्वरक (फर्टिलाइज़र) उपलब्ध कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए I
