बेंगलुरु। कर्नाटक के बेलगावी में गुरुवार को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश किए। पहला महात्मा गांधी पर और दूसरा राजनीतिक प्रस्ताव था। वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी 2025 में संगठनात्मक सुधार कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसके तहत हर स्तर पर नेताओं की क्षमता की गहन जांच की जाएगी। इसके अलावा, 26 जनवरी 2025 से एक साल चलने वाली ‘संविधान बचाओ राष्ट्रीय पद यात्रा’ की शुरुआत की जाएगी।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस को संजीवनी दी और यह कांग्रेस की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ था। अब 26 जनवरी 2025 से शुरू होने वाली यह पद यात्रा संविधान, लोकतंत्र, चुनाव आयोग, अडानी जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगी।
आम आदमी पार्टी द्वारा कांग्रेस को दिए गए अल्टीमेटम पर केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन के हिमायती हैं और इस गठबंधन की चिंता उन्हें है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणामों पर सवाल उठाए और चुनाव आयोग की भूमिका को संदिग्ध बताया। उनका कहना था कि मतदाता सूची में बड़े बदलाव किए गए हैं, जिससे भाजपा को लाभ हुआ है।