Corona: 24 घंटे में 6 मौतें, अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती की जान गई; 3976 एक्टिव केस, केरल में 1435 मामले

Corona: देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के अनुसार, एक्टिव केसों की संख्या 3976 तक पहुंच गई है, जो 10 दिन में 15 गुना वृद्धि दर्शाती है। केरल में सबसे ज्यादा 1435 मामले हैं, जबकि महाराष्ट्र 506 एक्टिव केसों के साथ दूसरे स्थान पर है।

पिछले 24 घंटों में 6 मौतें दर्ज की गईं, जिसके साथ Corona से मरने वालों की संख्या 34 हो गई है। सोमवार को अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती लड़की और 47 साल की महिला की मौत हुई। रविवार को दिल्ली में 22 साल की लड़की और तमिलनाडु में 25 साल के युवक की जान गई थी।

कर्नाटक सरकार की एडवाइजरी
Corona के बढ़ते मामलों के बीच कर्नाटक सरकार ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई है। बुखार, खांसी, सीने में दर्द या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है। कर्नाटक में 253 एक्टिव केस हैं।

केंद्र सरकार की तैयारियां
केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह सतर्क हैं। सभी राज्यों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड और अन्य संसाधनों की समीक्षा पूरी हो चुकी है, और किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारियां जारी हैं।

मिजोरम में 7 महीने बाद कोविड केस
मिजोरम में 30 मई को 7 महीने बाद कोविड के 2 नए मामले सामने आए। आखिरी बार अक्टूबर 2024 में 73 लोग Corona वायरस से संक्रमित हुए थे। मरीजों का इलाज आइजोल के जोरम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने, नियमित हाथ धोने और भीड़-भाड़ से बचने की सलाह दी है।

महाराष्ट्र में 10 हजार से ज्यादा टेस्ट
महाराष्ट्र में 31 मई को 68 नए मामले दर्ज किए गए। जनवरी 2025 से अब तक मुंबई में 411 Corona केस मिले हैं, और राज्य में 10,324 टेस्ट में 681 पॉजिटिव मामले सामने आए। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को दो मामले सामने आए, दोनों मरीज केरल के हैं और श्रीनगर के गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज में पढ़ते हैं।

Ad 1

इटावा सफारी पार्क फिर खुला
उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क को 14 मई को कोविड के बढ़ते मामलों के कारण बंद किया गया था, लेकिन 29 मई को कोविड प्रोटोकॉल के साथ इसे फिर से खोल दिया गया।

चार नए वैरिएंट का खतरा
भारत में कोविड-19 के चार नए वैरिएंट (LF.7, XFG, JN.1, NB.1.8.1) मिले हैं। ICMR के डायरेक्टर डॉ. राजीव बहल ने बताया कि ये वैरिएंट दक्षिण और पश्चिम भारत में पाए गए हैं। NB.1.8.1 वैरिएंट के म्यूटेशन तेजी से फैलते हैं और इम्यूनिटी पर कम असर डालते हैं। JN.1 वैरिएंट सबसे आम है, जो टेस्टिंग में आधे से ज्यादा सैंपल में पाया गया। WHO ने इन्हें चिंताजनक नहीं माना, लेकिन निगरानी में रखा है।

Corona JN.1 वैरिएंट की खासियत
JN.1, ओमिक्रॉन के BA2.86 का स्ट्रेन है, जिसे अगस्त 2023 में पहली बार देखा गया था। WHO ने इसे दिसंबर 2023 में ‘वैरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ घोषित किया। इसमें 30 म्यूटेशन हैं, जो इम्यूनिटी को कमजोर करते हैं। यह तेजी से फैलता है, लेकिन गंभीर नहीं है। लक्षण कुछ दिनों से हफ्तों तक रह सकते हैं, और लंबे समय तक लक्षण रहने पर ‘लॉन्ग कोविड’ की आशंका हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *