Movie prime

10 साड़ी और 16 हजार में बेटी का सौदा! चंदौली में इंसानियत शर्मसार, मां-बाप ने अपनी बेटी को बेचा

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
उत्तर प्रदेश के चंदौली से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसकी मां ने उसे 10 बनारसी साड़ियों और 16 हजार रुपए के बदले एक व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लहरू यादव, युवती की मां और एक ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ट्रेन में हुई थी मुलाकात

थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता ने अपनी तहरीर में बताया कि करीब चार महीने पहले ट्रेन में उसकी और उसकी मां की मुलाकात लहरू यादव से हुई थी। आरोपी लहरू यादव ने युवती की मां से कहा कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और वह युवती से शादी करना चाहता है।

आरोप है कि उसी दौरान युवती का सौदा 10 बनारसी साड़ियों और 16 हजार रुपए में तय हुआ।

मंदिर में शादी का दिखावा

पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे अपने साथ चंदौली ले गया और दिखावे के लिए मंदिर में शादी की। बाद में वह जवान दिखने के लिए दिल्ली जाकर हेयर ट्रांसप्लांट भी कराकर आया। युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे धमकाता था और चार महीने तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी रोज दो से तीन बार उसके साथ जबरदस्ती करता था।

फिर ऑटो चालक को बेचने का आरोप

युवती का आरोप है कि बाद में आरोपी उसे Manduadih Railway Station लेकर आया और वहां एक ऑटो चालक रवि को बेच दिया। पीड़िता के मुताबिक रवि मदद का बहाना बनाकर उसे अपने कमरे पर ले गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि सबसे पहले ऑटो चालक रवि को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर लहरू यादव को पकड़ा गया और बाद में पीड़िता की मां को भी हिरासत में ले लिया गया।

थाना प्रभारी के अनुसार सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि लहरू यादव ने हाल ही में अपनी जमीन करीब 17 लाख रुपए में बेची थी और पत्नी की मौत के बाद वह पैसे अय्याशी में खर्च कर रहा था।

पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।