Movie prime

पत्नी को पुलिस भर्ती की परीक्षा दिलाने ले गया था पति, साले ने रोकी कार और मार दी गोली, लव मैरिज से नाराज था परिवार

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में प्रेम विवाह से नाराज परिवार की रंजिश एक बार फिर खूनी अंजाम तक पहुंच गई। रामपुर मनिहारान क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की उसके साले ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब युवक अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर घर लौट रहा था।

मृतक की पहचान शामली जिले के खेड़ी बैरागी निवासी 24 वर्षीय शिव कुमार के रूप में हुई है। शिव कुमार ने एमएससी और एलएलबी की पढ़ाई की थी तथा हाल ही में उसे एसएसएफ में नौकरी का नियुक्ति पत्र भी मिला था।

परीक्षा केंद्र के बाहर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, शिव कुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत और उसका मामा वहां पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि मंजीत ने अपनी बहन से घर वापस चलने को कहा, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बहस के दौरान मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मंजीत ने कथित तौर पर तमंचा निकाल लिया। जब शिव कुमार ने पत्नी के साथ जबरदस्ती करने का विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान मंजीत ने शिव कुमार की कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने मामा के साथ मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव कुमार को अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी आकांक्षा ने बताया कि चार महीने पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था, जिससे उसका परिवार नाराज था। शादी के बाद से ही उसके परिजन शिव कुमार को लगातार धमकियां दे रहे थे।

आकांक्षा का आरोप है कि उसके भाई ने पहले उसे जबरन घर ले जाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके पति की हत्या कर दी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं प्रेम विवाह को लेकर परिवारों में बढ़ते विवाद और हिंसा की घटनाओं पर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।