वाराणसी में युवक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के गायत्री नगर इलाके में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने कथित रूप से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पेंटिंग का काम करने आया था युवक
मृतक की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है, जो नरोत्तमपुर टिकरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार सोनू पेशे से पेंटर था और मंगलवार को लंका क्षेत्र के गायत्री नगर स्थित श्याम कुंज नामक मकान में पेंटिंग का काम करने आया था। दोपहर के समय अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। जब लोगों ने बाहर आकर देखा तो सोनू लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था।
सीने में लगी गोली, मौके पर हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के सीने के बाईं ओर गोली लगी थी, जो शरीर को चीरते हुए निकल गई। गंभीर रक्तस्राव के कारण उसकी हालत बेहद नाजुक थी। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया तथा घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस को घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एकतरफा प्रेम का एंगल सामने आया
घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर लंका और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक कथित तौर पर एक युवती से एकतरफा प्रेम करता था। बताया जा रहा है कि युवती द्वारा संबंध स्वीकार नहीं किए जाने के बाद वह मानसिक तनाव में था। पुलिस इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
