DA Hike: मोदी सरकार का केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, महंगाई भत्ते में 2% की वृद्धि; कैबिनेट ने दी मंजूरी

नई दिल्ली I केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की वृद्धि को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को इसका ऐलान किया। इस वृद्धि के साथ, DA और DR की दर 53% से बढ़कर 55% हो जाएगी, जिससे कर्मचारियों के वेतन और रिटायर्ड कर्मचारियों के पेंशन में बढ़ोतरी होगी। पिछली बार डीए में वृद्धि जुलाई 2024 में की गई थी, जब इसे 50% से बढ़ाकर 53% किया गया था।

यह बढ़ोतरी 01 जनवरी 2025 से लागू होगी और सरकार को इस पर 7,716 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च करना होगा। DA वृद्धि के आधार पर सरकार को अतिरिक्त 3,622 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जबकि DR में 2,992 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्चा आएगा। महंगाई भत्ता (DA) का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई से निपटने में मदद करना है ताकि उनके वेतन का मूल्य बना रहे। इस फैसले से केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों, पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, बिहार के सीमांचल क्षेत्र के किसानों के लिए भी एक खुशखबरी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिहार की कोसी मेची अंतर-राज्यीय लिंक परियोजना को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की लागत 6,282.32 करोड़ रुपये होगी और इसे मार्च 2029 तक पूरा किया जाएगा। इसके तहत बिहार के महानंदा बेसिन तक सिंचाई के विस्तार के लिए कोसी के अधिशेष जल का उपयोग किया जाएगा, जिससे सीमांचल के किसानों को लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *