वाराणसी। इस वर्ष धनतेरस से मां अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा के दर्शन की शुरुआत 29 अक्टूबर से होगी, जो 2 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान लाखों श्रद्धालु मां अन्नपूर्णा के दर्शन के लिए वाराणसी आएंगे। हर साल की तरह इस बार भी पांच दिनों तक भक्तों को स्वर्ण प्रतिमा का दर्शन प्राप्त होगा।
विशाल 100 क्विंटल का भोग
अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी महाराज ने बताया कि 29 अक्टूबर को धनतेरस के अवसर पर मां अन्नपूर्णा की स्वर्णमयी प्रतिमा का प्रथम दर्शन होगा। इस दिन विशेष रूप से धान का लावा और खनाना के रूप में सिक्का भक्तों को वितरित किया जाएगा। 30, 31 अक्टूबर और 1, 2 नवंबर को भी श्रद्धालु मां के दर्शन कर सकेंगे।
इस बार मां अन्नपूर्णा को 100 क्विंटल का भोग अर्पित किया जाएगा, जिसमें लड्डू, चालूशाही, कलाकंद, और कानू की बर्फी जैसी मिठाइयाँ होंगी। इसके साथ ही 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजन और 16 प्रकार की नमकीन के अलावा 3 क्विंटल सूखे मेवे भी अर्पित किए जाएंगे। इस विशेष आयोजन के लिए कारीगरों को मंदिर में भव्य तैयारियों के लिए नियुक्त किया गया है।