वाराणसी: मिर्जामुराद के प्रतापपुर करधना गांव में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव मकान के दूसरे मंजिल पर बने कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान 23 वर्षीय किरन पटेल के रूप में हुई, जो विकास पटेल की पत्नी थीं। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
किरन की सास, संगीता देवी, सुबह छह बजे चाय बनाने के लिए पास के कमरे में गईं। उन्होंने जब दरवाजा खटखटाया, तो कोई उत्तर नहीं मिला। खिड़की से अंदर झांकने पर उन्होंने किरन को फंदे से लटका देखा। घबराकर उन्होंने शोर मचाया। ससुर गुलाब पटेल और पड़ोसी तुरंत छत पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पति दर्शन के लिए था बाहर
घटना के समय मृतका का पति, विकास पटेल, अपने दोस्तों और भाई के साथ मिर्जापुर दर्शन करने गया हुआ था। सूचना मिलते ही वह घर लौट आया।
मायके वालों के गंभीर आरोप
मृतका के मायके वाले, जो मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के कलवारी गांव से आए थे, ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। मृतका के चाचा भालेंद्र कुमार पटेल और मामा सुरेंद्र पटेल ने कहा कि किरन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी और करधना चौकी प्रभारी रोहित दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। मृतका के चाचा की तहरीर पर पति विकास पटेल, ससुर गुलाब पटेल, सास संगीता देवी और दो देवरों को हिरासत में लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
किरन की शादी 20 जून 2024 को उनके मामा सुरेंद्र पटेल के घर से हुई थी। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जिससे परिवार में पहले से ही कठिन परिस्थितियां थीं।