दिल्ली चुनाव पर पृथ्वीराज चव्हाण का बड़ा बयान: ‘शायद केजरीवाल जीत जाएंगे, कांग्रेस भी मैदान में है’

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में शायद अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी चुनाव जीत सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में है।

चव्हाण ने कहा कि दिल्ली का चुनाव काफी अहम है। मुझे लगता है कि शायद केजरीवाल जीत जाएंगे। लेकिन कांग्रेस भी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। यह बेहतर होता अगर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन हो पाता, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है। दिल्ली में क्या हो रहा है, इसे बाहर से समझना मुश्किल है।

दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा है, जो अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी ने इस सीट पर पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

पृथ्वीराज चव्हाण का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं। चव्हाण खुद पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कराड दक्षिण सीट से हार चुके हैं, जहां उन्हें बीजेपी उम्मीदवार ने शिकस्त दी थी। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

Ad 1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *