नई दिल्ली। दिल्ली को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है। वहीं, मुख्यमंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे प्रवेश वर्मा को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसके अलावा रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का नया स्पीकर चुना गया है।
रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा बुधवार दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में शपथ लेंगे। उनके साथ मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी पद की शपथ लेंगे।
दिल्ली विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 26 साल बाद शानदार जीत दर्ज की थी। 8 फरवरी को घोषित नतीजों में बीजेपी को 70 में से 48 सीटें मिली थीं। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगने में 11 दिन का वक्त लग गया, जिसे लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार सवाल उठा रही थी।
शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। वह मौजूदा समय में देश की दूसरी महिला मुख्यमंत्री भी हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराकर जीत दर्ज की।
रेखा गुप्ता बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं और हरियाणा के जींद से ताल्लुक रखती हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रह चुकी हैं। इसके अलावा 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गई थीं। हालांकि, पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार उन्होंने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।