मिर्जापुर। मझवां विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर रविवार को आयोजित जनसभा में डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला।
डिप्टी सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनावों में सपा के गठबंधन की असलियत अब जनता के सामने आ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस उपचुनाव में सपा की करारी हार सुनिश्चित है। ब्रजेश पाठक ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मझवां सीट पर भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा का प्रदर्शन उपचुनावों में बेहतरीन रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम के आगमन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता इंदिरा मिल चौराहे पर एकत्र हो गए। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ लगभग डेढ़ घंटे तक नेताओं के स्वागत का इंतजार किया।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब दोनों नेता काफिले के साथ पहुंचे, तो कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए उन्हें एकजुट होकर पार्टी के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।
