वाराणसी। शनिवार को जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया और अधिकारियों व पटल सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों और पटल का दौरा किया और कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम, शस्त्र अनुभाग, नजारत अनुभाग, मुख्य राजस्व अनुभाग और अभिलेखागार का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिकॉर्ड रूम में सभी दस्तावेजों को सही तरीके से संग्रहित और सुरक्षित किया जाए।
प्रमाण पत्र प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने आय और जाति प्रमाण पत्र की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आवेदनों को रजिस्टर में दर्ज किया जाए और यह साफ तौर पर लिखा जाए कि संबंधित तहसील द्वारा आवेदन की स्थिति क्या है।
कलेक्ट्रेट परिसर की साफ-सफाई और सुव्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों और परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना सुनिश्चित किया जाए।
इस निरीक्षण के दौरान एडीएम (फाइनेंस), एडीएम (प्रशासन) और मुख्य राजस्व अधिकारी भी उपस्थित थे। जिलाधिकारी का यह निरीक्षण प्रशासनिक कार्यों को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किया गया।